बदारन स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के दूसरे दिन रविवार को स्वयंसेवियों ने गोगा मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मंदिर परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। शिविर के तहत स्वयंसेवियों ने गोगा मंदिर परिसर में सफाई की। इसके बाद उन्हें स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया गया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वच्छता अभियान के बाद धनेटा पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक देवानंद ने जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों, पॉक्सो अधिनियम और यातायात नियमों के बारे में बताया। इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक चुनौतियों, कानूनों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी हरदीप सिंह और हिंदी प्रवक्ता मीनाक्षी ने शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और समाज सेवा से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है।