डिडवीं टिक्कर स्थित निजी पैलेस में 18 जम्मू और कश्मीर राइफल्स के पूर्व सैनिकों का मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्नल पीएस अत्री ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा किए और पुरानी यादों को ताजा किया। मुख्यातिथि कर्नल पीएस अत्री ने पूर्व सैनिकों के बीच आपसी मेलजोल, एकजुटता और भाईचारे को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेना में बिताया गया समय हर सैनिक के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। सैन्य सेवा के दौरान बने रिश्ते जीवनभर कायम रहते हैं और साथियों के बीच आपसी विश्वास व सहयोग की भावना हमेशा बनी रहती है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से आपसी सहयोग को मजबूत करने और अपने अनुभव नई पीढ़ी के साथ साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मिलन समारोह पूर्व सैनिकों को पुराने साथियों से मिलने, एक-दूसरे से जुड़ने और सैन्य जीवन के यादगार पलों को साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस तरह के आयोजन आपसी विश्वास, सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और सेना में बिताए यादगार पलों को याद किया। इस अवसर पर सुजान सिंह, सूबेदार भाग सिंह, सूबेदार सतीश कुमार सहित 18 जम्मू और कश्मीर राइफल्स के अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।