जिला कांगड़ा में शनिवार को पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के तहत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले की 270 पंचायतों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। इसी कड़ी में मंदल पंचायत के मतदान केंद्र पर भी बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्साहपूर्वक मतदान केंद्र पहुंचे। कई मतदाता मतदान शुरू होने से पहले ही केंद्र के बाहर पहुंच गए थे। दिनभर मतदान केंद्र पर लोगों की आवाजाही बनी रही और लोकतंत्र के प्रति लोगों की जागरूकता साफ दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने कहा कि पंचायत चुनाव गांवों के विकास से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना जरूरी है। मतदान केंद्र पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस कर्मी भी तैनात रहे। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।