पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल चंबा में शनिवार को राष्ट्रीय संकल्प दिवस मनाया गया। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. पंकज गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता एवं सुरक्षा बनाए रखने, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने तथा देशहित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय एकता देश की सबसे बड़ी ताकत है। भारत की विविधता में एकता उसकी विशिष्ट पहचान है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और जिम्मेदारी से करे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्र के प्रति नागरिकों के दायित्वों का स्मरण करवाते हैं और सामूहिक रूप से देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में अधीक्षक श्रेणी प्रथम रविंद्र शर्मा, एसीएफ दलीप कुमार सहित महाविद्यालय एवं अस्पताल के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।