चंबा शहर के लोग अपने घरों में पड़ा इलेक्ट्रॉनिक कचरा अब 20 रुपये प्रति किलो के हिसाब से देंगे। इसके लिए मंगलवार को विशेष वैन को शहर में इस कचरे को एकत्रित करने के लिए चलाया गया। उपायुक्त कार्यालय में सदर विधायक नीरज नैयर ने वैन को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल और पीसीबी सहायक अभियंता राहुल शर्मा सहित कनिष्ठ अभियंता अखिल मौजूद रहे। बुधवार को यह वैन डलहौजी में इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्रित करेगी। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना और ई-वेस्ट के सुरक्षित निपटान को सुनिश्चित करना है।