बागवानों को अब समयानुसार सेब के बगीचों के लिए आवश्यक दवाइयों के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। अमर उजाला की ओर से बागवानों का दर्द अभियान के तहत प्राथमिकता के आधार पर बागवानों की ज्वलंत समस्या को प्रकाशित किया गया था। अब बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉक्टर प्रमोद शाह ने अधीनस्थ कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि गांव-गांव पहुंचकर बागवानों से मिलकर आवश्यकतानुसार दवाई की डिमांड का चार्ट बनाकर विभागीय अधिकारियों को मुहैया करवाएंगे, जिससे आवश्यकतानुसार बागवानों को कीटनाशक उपलब्ध हो सके। अमर उजाला संवाद कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय चंबा में बागवानों को संबोधित करते हुए उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉक्टर प्रमोद शाह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बागवानों के लिए विभाग की ओर से कई विकासात्मक योजनाओं को चलाया जा रहा है। कहा कि विभाग में अधिकारियों-कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। पदों को भरने के लिए विभागाध्यक्ष और सरकार को पत्र लिखा गया है।