हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिकों को अब ईसीएचएस के तहत कैशलैस इलाज करवाने के लिए चंडीगढ़ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। एम्स बिलासपुर में भी यह सुविधा शुरू होने से प्रदेश के पूर्व सैनिकों को अपने घर के नजदीक उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे न केवल उनके आने-जाने का खर्च बचेगा, बल्कि समय की भी बचत होगी। सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने पूर्व सैनिकों की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने एम्स में यह सुविधा शुरू करने और कैंसर की दवाइयों के दाम में लगभग 93 फीसदी तक कटौती करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया है।