स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में कपाहड़ा पंचायत के प्रधान विनय कुमार शर्मा के घर का बिजली कनेक्शन काटने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कनेक्शन बहाल करने के लिए उपमंडलीय प्रशासन की ओर से निर्देश दिए जाने के बावजूद विवाद का समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में अब स्मार्ट मीटर के विरोध में आंदोलन तेज करने की तैयारी की जा रही है। इस मामले को लेकर रविवार को घुमारवीं में प्रदेश की विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि एकत्र होंगे। बैठक में स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में आगामी संघर्ष की रणनीति तय की जाएगी। पंचायत प्रतिनिधियों की इस बैठक को आंदोलन की आगे की दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। स्मार्ट मीटर के विरोध और बिजली कनेक्शन काटे जाने के मामले को लेकर अब आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।