स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के विरोध में कपाहड़ा पंचायत से शुरू हुआ मामला अब प्रदेशव्यापी आंदोलन की ओर बढ़ रहा है। रविवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों की बैठक में देवभूमि बिजली मीटर रक्षक दल का गठन किया गया। कमेटी ने प्रदेशभर में गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और स्मार्ट मीटर से प्रभावित उपभोक्ताओं को एक मंच पर लाने की रणनीति बनाई है। नवगठित कमेटी में कपाहड़ा पंचायत के प्रधान विनय शर्मा को अध्यक्ष, रेखा शर्मा को उपाध्यक्ष, देशराज शर्मा को सचिव और राजेश्वर सिंह को संयोजक बनाया गया। इसके अलावा कुलदीप, मूलराज, धर्मेंद्र, सुरम सिंह, सुषमा, अंजना और राजकुमार को सदस्य नियुक्त किया गया। बैठक में स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध और बिजली कनेक्शन काटे जाने के मामलों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। कमेटी के अध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि प्रदेशभर में ऐसे उपभोक्ताओं की जानकारी जुटाई जाएगी, जिनके बिजली मीटर उनकी इच्छा के विरुद्ध बदले गए हैं या जिनके बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि कमेटी के सदस्य गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। इस दौरान स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया, बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं की आशंकाओं और उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा। कमेटी का उद्देश्य स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं को एक मंच पर लाकर आगे की रणनीति तय करना है।