प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में चैत्र नवरात्र आज सुबह की आरती मंत्रोच्चार के साथ बड़ी धूमधाम से शुरू हो गए। आज माता जी के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की गई। नवरात्रों की पावन बेला पर माता जी का मंदिर भी पूरी तरह फूलों से लाइटों से सजाया गया है। इस बार भी मंदिर की सजावट का कार्य पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं के द्वारा बखूबी किया गया है। नवरात्रों के दौरान पंजाब हिमाचल हरियाणा दिल्ली यूपी बिहार और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु नवरात्र पूजन के लिए माता जी के दरबार में पहुंच रहे हैं। चैत्र नवरात्रि 30 मार्च से लेकर 7 अप्रैल तक चलेंगे जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु माताजी के दरबार में पूजा अर्चना करके अपने घर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना करेंगे। मंदिर के पुजारी लोकेश शर्मा ने बताया की मंदिर न्यास के द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं और उन्हें लाइनों में ही माता के दर्शनों के लिए भेजा जा रहा है ताकि भीड़ पर नियंत्रण बना रहे और श्रद्धालुओं को आराम से माता जी के दर्शन हो, जबकि दिल्ली से आए श्रद्धालु का कहना है कि माता जी के नवरात्र पूजन आज उन्होंने किया है और माता जी के मंदिर की भव्य सजावट और आसपास के मनमोहक दृश्य काफी मन लुभावने हैं।