शाहतलाई क्षेत्र में स्थित सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में शनिवार को चैत्र मास के मेले शुरू हो गए हैं। मेले की शुरुआत प्राचीन झंडा रस्म के साथ हुई। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत भी मौजूद रहे। मंदिर प्रशासन ने बताया कि पूरे चैत्र मास तक मंदिर 24 घंटे खुला रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं। स्वच्छता, सुरक्षा और सुगम दर्शन की पूरी व्यवस्था की गई है। भजन-कीर्तन, आरती, हवन और धार्मिक आयोजन निरंतर चलेंगे। उत्तर भारत के प्रमुख सिद्धपीठों में शुमार यह धाम दूधाधारी, पौणाहारी और सिद्ध योगी बाबा बालक नाथ जी का स्थान है। मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा से पूजा करने पर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। चैत्र नवरात्रि के दौरान यहां देश-विदेश से लाखों भक्त दर्शन को पहुंचते हैं। मेले में भक्तों की लंबी कतारें, जयकारे और धार्मिक माहौल पूरे क्षेत्र में छाया रहता है। इस मौके पर कांग्रेस नेता विवेक कुमार, एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा और मंदिर न्यास अधिकारी विजय सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।