उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा का दौरा कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के छात्रावास, लाइब्रेरी, रसोईघर, भोजन व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के रहने और दैनिक जीवन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कटोच भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक प्रगति, करियर लक्ष्य, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से कॅरियर को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण जरूरी है। पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उपायुक्त ने कक्षा छठी के विद्यार्थियों से विशेष रूप से संवाद किया।