नवरात्र उत्सव के अवसर पर शहर का डियारा स्थित रामलीला मैदान मंगलवार शाम रंग-बिरंगी रोशनी और डांडिया की थाप से गूंज उठा। अमर उजाला और राम नाटक समिति डियारा के सहयोग से आयोजित डांडिया नाइट में शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होकर रात 8 बजे तक चला। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में डांडिया की लय पर थिरककर समां बांध दिया। कॉलेज और स्कूल के बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। मंच पर युवा कलाकारों ने जब पारंपरिक संगीत की धुन पर कदम मिलाए तो पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा। इस आयोजन में न्यू कृष्णा आभूषण भंडार घुमारवीं मुख्य सहयोगी के रूप में जुड़ा, जबकि द विंटेज हॉल लखनपुर, मिनर्वा स्कूल, एपीसी अकादमी और हिम्स आईटीआई घुमारवीं सहयोगी रहे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना था। रामलीला मैदान को आकर्षक सजावट और रंगीन रोशनी से सजाया गया था। चारों ओर जब डांडिया की थाप और झंकार गूंजी तो पूरा माहौल भक्ति और उत्सव की भावना से सराबोर हो गया। राम नाटक समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। शहरवासियों ने परिवार सहित इस कार्यक्रम में भाग लेकर डांडिया की लय पर थिरकते हुए नवरात्र उत्सव को अविस्मरणीय बना दिया। सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर द विंटेज हॉल लखनपुर के प्रबंधक आनंद दुबे, प्रधानाचार्य प्रीति अरोड़ा दुबे सहित अन्य मौजूद रहे।