पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (सीबीएसई) बिलासपुर में शनिवार को 41वीं अडंर-14 राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल देव शर्मा ने मुख्यातिथि को शाल, टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान राजेश धर्माणी ने खिलाड़ियों को खेल भावना से प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा उपनिदेशक से खिलाड़ियों के रहने और खाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा के दम पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करें, यही उद्देश्य है। राज्य निदेशालय के मीडिया प्रभारी चंचल सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों और एक स्पोर्ट्स हॉस्टल के लगभग 976 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बास्केटबॉल, फुटबॉल, शतरंज, ताइक्वांडो, बैडमिंटन और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर राज्य निदेशालय की ओर से संजीव कौशल और विजय चौधरी, परेड कमांडर सीआर यादव, सहायक कमांडर बलजीत सिंह सहित 12 जिलों के खेल प्रभारी उपस्थित रहे। जिला खेल प्रभारी विशाल शर्मा, शिवकुमार, कुल्लू के संजीव कुमार, कांगड़ा के दिनेश कुमार और मंडी के श्यामलाल सहित स्थानीय विद्यालय के शिक्षक और प्राध्यापक भी मौजूद रहे।