यमुनानगर। जिले में मंगलवार से धान की सरकारी तौलाई शुरू हो गई। तौलाई शुरू होने की सूचना मिलते ही किसान बड़ी संख्या में धान लेकर मंडियों में पहुंच गए। तौलाई के लिए किसानों के ऑफलाइन गेटपास काटे गए। हालांकि जिले की सभी मंडियों में अभी तौलाई शुरू नहीं हुई है। मंडी सचिवों का कहना है कि उनके पास तौलाई शुरू करने के आदेश नहीं पहुंचे हैं। जिन मंडियों में तौलाई शुरू हुई, वहां किसान धान को सुखाने के बाद बोरियों में भरकर आढ़तियों के पास रखवा रहे हैं। इसकी खरीद बाद में किए जाने की बात कही जा रही है। खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं होने से किसानों को मंडियों में इंतजार करना पड़ रहा है। भोगपुर से दो ट्रालियों में धान लेकर पहुंचे किसान प्रदीप ने बताया कि वह दोपहर से मंडी में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मौसम में फेरबदल के कारण खेतों में धान पककर तैयार है, लेकिन मंडियों में पूरी व्यवस्था नहीं होने से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सरकार को जल्द धान की खरीद शुरू करवानी चाहिए। फतेहगढ़ से धान लेकर पहुंचे किसान अमृतलाल ने बताया कि वह सुबह से मंडी में ट्राली लेकर खड़े हैं। खरीद शुरू नहीं होने के कारण धान आढ़ती के पास रखवाया गया है। उन्होंने कहा कि पोर्टल खुलने के बाद ही धान का सत्यापन होगा और किसान को भुगतान मिल सकेगा। जल्द खरीद शुरू होने से किसान आगामी फसल की तैयारियां समय पर कर सकेंगे।