मंदिर श्री ठाकुर द्वारा कल्याण नगर सेवा समिति की ओर से रविवार को गीता भवन मंदिर में सनातन संस्कृति सम्मान एवं कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने सनातन धर्म का प्रचार कर रही मंदिर श्री ठाकुर द्वारा कल्याण नगर सेवा समिति की महिला मंडली को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री 1008 स्वामी दयानंद सरस्वती एवं महामंडलेश्वर सीता राम जी महाराज ने की। स्वामी अमृतानंद महाराज ने जरूरतमंद 210 लोगों को कंबल वितरित किए। लोक गायक रॉनी रमन ने देशभक्ति एवं सामाजिक सरोकार से प्रेरित गीतों को गाकर माहौल को राष्ट्र प्रेम में पिरो दिया। मेरे शेर भगत सिंह तू देश के खातिर फांसी टूटा गीत पर बुजुर्गों, महिलाओं के साथ बच्चे, युवा भी झूमने को मजबूर हो गए। पिता और बच्चों के रिश्ते पर गाया गीत- बापू पै के लिख दूं मैं पर श्रोताओं की आंखों से आंसू बहने लगे। स्वामी दयानंद सरस्वती ने कहा कि सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन नियमित किए जाने चाहिएं। विधायक निखिल मदान ने कार्तिक माह में प्रभातफेरियां निकाल सनातन धर्म का प्रचार कर रही महिला मंडली समाज में निरंतर अपनी पहचान बनाने में सार्थक भूमिका निभा रही हैं। इस दौरान आयोजक पवन तनेजा व वीना तनेजा, विपिन वशिष्ठ, ऊषा पूनिया, ललित बत्रा, अनिल ठक्कर, ओपी परुथी, सरदार मोहन सिंह मनोचा, प्रवीण वर्मा, पवन गोयल, रामनारायण गोयल, मोहन टूटेजा, विनोद मुंजाल, रविंद्र सरोहा, रवि ग्रोवर भी मौजूद रहे।