सोनीपत। लघु सचिवालय में मंगलवार को जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। इसमें शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने 16 शिकायतों की सुनवाई की। जिसमें सात का मौके पर निपटारा किया गया। बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री के समक्ष सेक्टर-16 स्थित रंगोली बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला प्रमुखता से उठा। टीडीआई ग्रीन सोसाइटी, सेक्टर-16 निवासी 86 वर्षीय सत्यादेवी ने शिकायत में बताया कि उन्होंने 250-250 वर्ग गज के दो प्लाट खरीदने के लिए मार्च 2006 में बिल्डर को 77.50 लाख रुपये का भुगतान किया था, लेकिन अब तक उन्हें प्लाट आवंटित नहीं किए गए। इस पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बिल्डर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने पुलिस और डीटीपी को मामले में कार्रवाई करने व तहसीलदार कीर्ति को रंगोली बिल्डटेक की संबंधित सोसाइटी की संपत्तियों की रजिस्ट्री पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से शिकायतों के निपटारे में देरी होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। गांव जुआं में मंदिर के रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर मंत्री ने बीडीपीओ को फटकार लगाई और एक सप्ताह में रास्ता साफ करवाने के निर्देश दिए। खान कॉलोनी (स्वतंत्र नगर) में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एचएसवीपी अधिकारी को फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने अधिकारी को संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर कब्जे हटाने के निर्देश दिए।