गोहाना। क्षेत्र में वीरवार को हुई बारिश के कारण दूसरे दिन शुक्रवार को भी नई अनाज मंडी में धान की खरीद का कार्य प्रभावित रहा। व्यापारियों ने केवल शेड के नीचे रखी हुई फसल की ही खरीद की। खरीद का कार्य धीमा होने के चलते एजेंसी ने फसल का उठान करवाया। एजेंसी ने मंडी परिसर से करीब 30 हजार बैग का उठान किया गया। क्षेत्र में वीरवार को दिनभर बारिश हुई थी। बारिश के कारण खेतों में धान की कटाई और अनाज मंडी में खरीद का कार्य बाधित हो गया। वीरवार को बारिश के चलते धान की खरीद नहीं हुई। वहीं शुक्रवार को भी नमी अधिक होने के चलते खरीद का कार्य प्रभावित रहा। बारिश में भीगने से फसल में नमी की मात्रा बढ़ी हुई है। शुक्रवार को आढ़तियों ने फसल को सुखाने के लिए परिसर में फैला दिया। कटाई का कार्य रूका होने के कारण अनाज मंडी में फसल की आवक भी नाममात्र ही रही, जिसके चलते एजेंसी को दिन के समय फसल के उठान का समय मिल गया। एजेंसी ने दिन के समय 30 हजार बैग का उठान करवाया। फसल के उठान का कार्य रात के समय भी चलेगा, जिससे किसानों को शनिवार को फसल उतारने के लिए पर्याप्त स्थान मिल जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अनाज मंडी में 73342 क्विंटल धान का उठान होना बाकी है। मार्केट कमेटी सचिव सविता जैन का कहना है कि बारिश के कारण फसल में नमी बढ़ने से खरीद का कार्य प्रभावित हुआ है। मंडी में अब धान का उठान करवाया जा रहा है, ताकि किसानों को फसल उतारने का स्थान मिल सके।