सोनीपत। वार्ड नंबर तीन में दिल्ली रोड स्थित एचएसवीपी की खाली पड़ी जमीन पर कूड़ा डंपिंग और असामाजिक तत्वों की आवाजाही की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। शुक्रवार को विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने इस स्थान पर चहारदीवारी निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। नगर निगम की ओर से इस कार्य पर करीब 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विधायक निखिल मदान ने बताया कि क्षेत्रवासियों ने एचएसवीपी मार्केट की खाली जमीन पर कूड़ा डाले जाने और कुछ असामाजिक तत्वों की ओर ये यहां नशा करने की शिकायत की थी। इससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत मिलने के बाद उन्होंने निगम अधिकारियों को जमीन की चहारदीवारी कराने के निर्देश दिए थे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को कार्य शुरू कर दिया गया। मेयर राजीव जैन ने कहा कि चहारदीवारी बनने के बाद यहां कूड़ा डालने पर रोक लगेगी और सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। साथ ही असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर भी अंकुश लगेगा। इस दौरान निगम पार्षद सुरेंद्र मदान, पूर्णमल गौड़, अमन डुडेजा, गिरीश मदान, सुभाष तायल, आजाद और पुनीत छाबड़ा भी मौजूद रहे।