सिद्ध शिरोमणि बाबा मस्तनाथ की पुण्य स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक मेले का समापन नवमी के अवसर पर श्रद्धा, उत्साह और भारी भीड़ के बीच हुआ। अंतिम दिन सुबह से ही मठ परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लग गया। पवित्र धूना व समाधि स्थल तक लंबी कतारें नजर आईं और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। परंपरागत संत वेशभूषा में विराजमान महंत बालकनाथ योगी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उनके दर्शन के लिए दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।