शहर में रेजांगला पार्क के पास इंडेन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे एक दिव्यांग युवक को जंजीर से बांधकर रखने का मामला सामने आया है। युवक की दोनों टांगें नहीं हैं और वह मानसिक रूप से भी अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। सड़क से गुजर रहे अधिवक्ता कॉमरेड राजेंद्र सिंह की नजर युवक पर पड़ी तो उन्होंने अपनी कार रोककर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को जंजीर से मुक्त कराया। जानकारी के अनुसार कॉमरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट अपने सहयोगी मनोज यादव एडवोकेट (सेवानिवृत्त ईओ) और कैलाश यादव मनेठी के साथ कार से पायलट चौक से कर्नल राम सिंह चौक की तरफ जा रहे थे। जब वे रेजांगला पार्क के पास इंडेन ऑयल पंप के सामने पहुंचे तो उनकी नजर सड़क किनारे जंजीर से बंधे युवक पर पड़ी। उन्होंने गाड़ी रोककर देखा तो युवक की दोनों टांगें नहीं थीं। उसकी स्थिति देखकर उन्होंने मॉडल टाउन थाना पुलिस को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना से हवलदार विजय कुमार तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक के सगे भाई को बुलाया। इसके बाद भाई ने चाबी की मदद से जंजीर खोली और युवक को मुक्त कराया। बाद में युवक को उपचार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में नागरिक एकत्रित हो गए। इनमें सुरेंद्र यादव महेंद्रगढ़ भी शामिल थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि युवक काफी दिनों से इसी दयनीय स्थिति में रह रहा था। मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया कॉमरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को इस तरह जंजीर से बांधकर रखना अमानवीय है। यह मानवाधिकारों का हनन है और इस तरह का कृत्य गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ प्रत्येक नागरिक को आगे आकर आवाज उठानी चाहिए। जिस व्यक्ति ने युवक को जंजीर से बांधकर रखा था, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही युवक के उपचार और सम्मानजनक देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए।