पानीपत। प्रदेशभर के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार के मतलौडा स्थित आवास पर एक दिवसीय चेतावनी प्रदर्शन किया। एसडीएम इसराना नवदीप नैन कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने पंचायत मंत्री की तरफ से शनिवार को पानीपत के सरकारी विश्राम गृह में बैठक के लिए बुलाया। प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बसाऊराम और संचालन उप महासचिव देवी राम ने किया। उन्होंने कहा कि 29 मई को पंचायत मंत्री की अध्यक्षता में बैठक में कर्मचारियों की 17 मांगों पर सहमति बनी थी। इनमें से 12 मांगों के पत्र 10 सितंबर को जारी किए जा चुके हैं, लेकिन पांच मुख्य मांगों के पत्र अभी तक लंबित हैं। इनमें सुपरवाइजरों की नियुक्ति, अनाज खरीद के लिए 24 हजार रुपये अग्रिम राशि, जिला स्तर पर पंजीकृत यूनियन पदाधिकारियों के नाम दर्ज करना, तीन लाख रुपये रिटायरमेंट बेनिफिट और हरियाणा पुलिस की तर्ज पर बीमा कवरेज देना शामिल है। इन पत्रों के जारी न होने से सफाई कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। यूनियन के महासचिव विनोद कुमार ने कहा कि सहमति पहले ही बन चुकी है, अब केवल नोटिफिकेशन जारी होना बाकी है। मंत्री ने शनिवार को ठोस निर्णय लेकर पत्र जारी नहीं किए तो कर्मचारी बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। नेताओं ने ऐलान किया कि आगामी एक से तीन दिसंबर को कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन लागू करने और ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने की मांगों को लेकर होने वाली राष्ट्रीय हड़ताल में हजारों सफाई कर्मचारी हिस्सा लेंगे।