समालखा में रेलवे रोड समालखा की एक फलों और जूस की दुकान के गल्ले से शनिवार को तीन चोर करीब 62 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। उन्होंने नियोजित तरीके से दुकानदार को बातों में उलझाया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। तीनों चोर दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। दुकानदार ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। समालखा चौकी पुलिस को धीरज गांधी निवासी पडाव मोहल्ला ने बताया कि उसकी रेलवे रोड माता पुली चौक पर सचदेवा फ्रूट जूस कार्नर के नाम से दुकान है। शनिवार को वह अपनी पत्नी सोनम के साथ दुकान पर थे। दोपहर करीब दो बजे एक व्यक्ति उसकी दुकान पर चाकलेट लेने आया। तभी उसका एक अन्य साथी भी मेरी दुकान पर आया और मेरे से खाने पीने का सामान लेने लगा। तभी इनका एक अन्य साथी भी दुकान पर आया और मेरे से खाने पीने का सामान लेने लगा। इन्होंने बातों में उलझा लिया। वह सामान देने लगा तो इसकी बीच आरोपियों ने उसकी दुकान के गल्ले में से 61800 रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। बाद में देखने पर पता चला कि उनका एक साथी बाहर गली में रेकी कर रहा था। चोरों ने पैसों के साथ उसकी बैंक की चैक बुक भी चोरी कर ली। दुकानदार धीरज ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।