पलवल में जिला उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण और नागरिक संतुष्टि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। शुक्रवार को उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न शिकायत निवारण पोर्टलों पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने सीएम विंडो, सीपीजीआरएएमएस, सीएम जनसंवाद, समाधान शिविर और सीएम एसएमजीटी हरियाणा पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इससे पहले राज्य स्तरीय जनसंवाद समीक्षा बैठक में उच्चाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ समीक्षा की।