नारनौल। संसदीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार और एससीईआरटी हरियाणा के निर्देशन में जिला स्तरीय युवा संसद-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन कनीना खंड की युवा संसद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौंगड़ा में हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यवेक्षक डॉ. राकेश यादव, सरपंच सुनीता यादव और अध्यक्ष राजकुमार ने किया। प्रवक्ता नीरज शर्मा ने इसका संयोजन किया। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और संसदीय मर्यादा के साथ सदन की कार्रवाई प्रस्तुत की। पर्यवेक्षक डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि युवा संसद लोकतांत्रिक संस्कारों का सशक्त माध्यम है। डॉ. राकेश यादव ने इसे नेतृत्व, तार्किक चिंतन और जिम्मेदार नागरिकता विकसित करने वाला मंच बताया। डॉ. किरण यादव, डॉ. नरेश कुमार और जितेंद्र बोहरा ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। प्राचार्य विनोद कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे। युवा संसद प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करना है। यह उन्हें संसदीय प्रक्रियाओं को समझने का अवसर देती है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और तार्किक चिंतन का विकास होता है। यह उन्हें भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने में सहायता करती है।