नारनौल। जननायक चौधरी देवीलाल के 113वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 27 सितंबर को राज्य स्तरीय सम्मान दिवस रैली का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर हुडा सेक्टर में 31 अगस्त को प्रेसवार्ता भी आयोजित की जाएगी। एडवोकेट जसबीर सिंह ढिल्लो ने बताया कि रैली की तैयारियों को लेकर वीरवार को सेक्टर-1 हुडा स्थित बालाजी मार्ग पर कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा सहित वरिष्ठ नेता, जिला प्रधान और सभी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता बैठक के बाद मकान नंबर 159 पर अभय सिंह चौटाला पत्रकारों से रूबरू होंगे। वहीं कार्यकर्ताओं के लिए प्रसाद के रूप में भोजन का भी आयोजन किया गया है।