फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करवा चौथ पर सड़क हादसे में तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

कैथल। करवा चौथ की रात पुरानी चुंगी के पास महावीर जैन चौक के नजदीक ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से गांव चंदाना निवासी 31 वर्षीय सुनील की मौत हो गई। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक मॉडल टाउन की तरफ मोड़ दिया। इससे सुनील की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे फंस गई और घिसटने के कारण उसमें आग लग गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील ने पीजीआई रोहतक ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वह राजमिस्त्री का काम करता था -------------- भाई के पीछे दूसरी बाइक पर आ रहा था बंटी पुलिस को दी शिकायत में गांव चंदाना निवासी बंटी ने बताया कि उसका बड़ा भाई सुनील कैथल के हरिनगर में एक गोदाम बनाने के काम में लगा हुआ था। बुधवार रात करीब 10 बजे वह किसी से मिलने की बात कहकर अपनी बाइक से कैथल के लिए निकला था। बंटी भी दूसरी बाइक पर उसके पीछे चल रहा था। दोनों जींद रोड बाईपास से होते हुए जींद-कैथल रोड पर जाखौली अड्डे की तरफ जा रहे थे। बंटी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे सुनील पुरानी चुंगी के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अचानक वाहन मॉडल टाउन की तरफ मोड़ दिया। इससे बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर उसके नीचे फंस गई। आरोप है कि चालक वाहन को आगे ले गया, जिससे बाइक सड़क पर घिसटती रही और उसमें आग लग गई। उसने पीछा कर राहगीरों की मदद से कुछ दूरी पर ट्रैक्टर रुकवाया। ट्रैक्टर स्वराज 855 लाल रंग का था और उसके पीछे दो ट्रालियां जुड़ी हुई थीं। चालक ने पूछताछ में अपना नाम राजकुमार निवासी गांव दिवाल बताया। इसके बाद वह घटनास्थल पर लौटा। राहगीरों ने घायल सुनील को निजी वाहन से नागरिक अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम नागरिक अस्पताल में सुनील के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें होने के कारण चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। बंटी एंबुलेंस से उसे रोहतक ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसे वापस नागरिक अस्पताल कैथल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी की। तीन बच्चों को छोड़ गया सुनील सुनील अपने पीछे पत्नी कविता देवी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। उसके बड़े बेटे संगम की उम्र 12 वर्ष, दूसरे बेटे समर की 10 वर्ष और बेटी शिवानी की आठ वर्ष है। करवा चौथ के दिन हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। वर्जन डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि मामले में ट्रैक्टर चालक राजकुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106 और 324(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के भाई की शिकायत और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें