झज्जर। पूर्व स्पीकर और कांग्रेसी नेता कुलदीप शर्मा रविवार को बेरी स्थित विश्व प्रसिद्ध माता भीमेश्वरी देवी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माता के दरबार में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद कुलदीप शर्मा बेरी में हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल शर्मा की समाधि पर पहुंचे। उन्होंने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और नमन किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी न किसी से डरते हैं और न ही किसी को डराते हैं। राहुल गांधी केवल संविधान और लोकतंत्र बचाने के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को लेकर जिस तरह से प्रचार किया जा रहा है, वह वास्तविकता से अलग है। राहुल गांधी ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की बात की है। कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा के उस बयान पर भी कुलदीप शर्मा ने पलटवार किया, जिसमें कांग्रेस पर चुनाव हारने के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर ठीकरा फोड़ने का आरोप लगाया गया था। कुलदीप शर्मा ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में देश के नागरिकों को मताधिकार की गारंटी दी थी, लेकिन आज इस अधिकार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 13 से 14 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ आवाज उठाना कांग्रेस का संवैधानिक अधिकार है। चुनाव में हार-जीत चलती रहती है, लेकिन चुनाव निष्पक्ष होना जरूरी है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा को राहुल गांधी के प्रदर्शन के दौरान ट्रक से नीचे उतारने के वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों पर भी कुलदीप शर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आज तक किसी को धक्का नहीं दिया और न ही उनकी ऐसी राजनीतिक संस्कृति रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो को लेकर किया जा रहा प्रचार भाजपा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।