प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार लगातार जनहितैषी फैसला ले रही है। जनता के आशीर्वाद से बनी भारतीय जनता पार्टी की सरकार अगले 4 वर्ष भी इसी प्रकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। कैबिनेट मंत्री बेदी रविवार को बेरी स्थित नई अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के नव-नियुक्त पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचे थे। उनके साथ समस्तीपुर (बिहार ) से विधायक राजेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे। नवनियुक्त चेयरमैन राजेंद्र शर्मा और वाइस चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता के अलावा मार्केट कमेटी के सदस्यों ने अपना पदभार संभाला। इससे पहले गांव डीघल में ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। इस बीच कृष्ण कुमार बेदी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। वहीं बेरी में हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल की समाधि पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। बेदी ने कहा कि नई टीम पारदर्शिता व तत्परता के साथ मंडी के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि बेरी मंडी की कार्य प्रणाली किसानों और व्यापारियों के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों से सरकार की नीतियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मंडी में स्वच्छता, पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।