झज्जर। वन स्टॉप सेंटर से लीगल काउंसलर भारती ने कहा कि आज के समय में हम कई तरह के प्रेशर झेलते हैं, लेकिन इन प्रेशर को अपने ऊपर हावी मत होने दें बल्कि बातचीत के जरिये उसका समाधान निकालें। वह शुक्रवार को पुरानी तहसील रोड पर स्थित जिला पुस्तकालय केंद्र में अमर उजाला की तरफ से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि मन की बातों को अपने अंदर दबाना नहीं है। जिस तरह प्रेशर कूकर एक समय सीमा के बाद फट जाता है, वैसे अपने आपको नहीं बनाना है बल्कि मन की बातों को शेयर करना है ताकि उसका समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि आपके माता-पिता की सबसे बडे़ और सच्चे काउंसलर है। यदि वह आपको डांटते भी है तो उसके पीछे भी कारण होता है ताकि हम सही मार्ग पर चल सकें। उसके बाद गुरु भी हमें सही मार्ग दिखाने का काम करते हैं, इसलिए हमें ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए, जिससे मां-बाप का सिर शर्म से झुके। हमारे पास आज बहुत केस आते हैं, जिसमें महिला उत्पीड़न, साइबर फ्रॉड, पारिवारिक कलह शामिल होती है। यदि आपके परिवार या आसपास किसी से कोई घटना होती है तो उसे वन स्टॉप सेंटर के बारे में जरूर बताए ताकि किसी को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि हिंसा की शुरुआत कई बार घर से ही होती है और घर का कोई सदस्य उसमें शामिल होता है। इसलिए ऐसा कुछ होने पर चुप रहने की बजाय उसका डटकर मुकाबला करना चाहिए और अपने माता-पिता को बातें बतानी चाहिए। हिंसा किसी भी प्रकार की हो, उसे नहीं सहना है। इस दौरान जिला पुस्तकालय में तैयारी करने के लिए आने वाली युवतियों ने कई सवाल भी किए, जिनका लीगल काउंसलर भारती ने जवाब दिया।