बहादुरगढ़ में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय नफे सिंह राठी ही नहीं, बल्कि प्रदेश के आम लोगों को भी न्याय दिलाने के लिए इनेलो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेंगे। जरूरत पड़ी तो इनेलो जेल भरो आंदोलन भी करेगी। गौरतलब है कि पूर्व विधायक ने नफे सिंह राठी का फरवरी 2024 में गोलियां मार कर मर्डर कर दिया गया था । सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में गैंगस्टर नंदू समेत दो हमलावर अभी भी फरार हैं, जिन्हें अदालत की ओर से भगोड़ा घोषित किया जा चुका है सोमवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो हमेशा जनता के अधिकारों और न्याय की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नफे सिंह राठी के मामले में न्याय की लड़ाई को भी मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। अभय चौटाला ने कहा कि हर व्यक्ति के हक और न्याय की लड़ाई में इनेलो पीछे नहीं हटेगी। यदि न्याय के लिए पार्टी को बड़ा जनआंदोलन खड़ा करना पड़ा तो इनेलो के कार्यकर्ता इसके लिए भी तैयार हैं। इस दौरान उन्होंने 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली जनसभा का निमंत्रण भी लोगों को दिया। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ काम करेंगे। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों से पहुंचने की अपील की गई।