फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी: 19 दिन से सफाई व्यवस्था ठप, सफाई व अग्निशमन कर्मचारियों ने विधायक आवास का किया घेराव

मयूर शर्मा Updated Mon, 24 Aug 2026 01:05 PM IST

शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी और अग्निशमन कर्मचारी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर हांसी के भाजपा विधायक विनोद भयाना के आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न यूनियनों के कर्मचारी नेताओं ने भी प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया। हांसी विधायक विनोद भयाना को सफाई कर्मचारियों ने अपना ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, न्यूनतम वेतन लागू करना तथा सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की पक्की भर्ती करना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर पहले भी सरकार के स्तर पर कई बार बातचीत हुई है, लेकिन हमारी जायज मांगों को टालमटोल कर रही हैं। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हांसी समेत पूरे हरियाणा में कई जगह सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 19 दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित है और सरकार को उनकी जायज मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। हरियाणा के अलग-अलग जिलों में भी कर्मचारी विधायकों के आवास पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंप रहे हैं। वहीं, हांसी के भाजपा विधायक विनोद भयाना ने कहा कि सफाई कर्मचारियों ने उन्हें अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया है। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई नहीं होना चिंता का विषय है और सरकार को कर्मचारियों की जायज मांगों को जल्द मान लेना चाहिए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था सही हो सके। इस दौरान सिंचाई विभाग जिला प्रधान अशोक यादव ने भी सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें जायज हैं और सरकार को इन्हें जल्द पूरा करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जा सकता है। वहीं हांसी सफाई कर्मचारी जिला प्रधान बलजीत सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मांगें नहीं मानी जा रही हैं और अधिकारी भी कर्मचारियों को गुमराह कर रहे हैं। बलजीत सिंह ने कहा कि जब तक उनकी जायज मांगों का समाधान नहीं होता, कर्मचारियों का आंदोलन जारी रहेगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें