उत्तम नगर स्थित टावर वाली गली में सड़क निर्माण कार्य, जो सड़क की ऊंचाई को लेकर दो पक्षों के विवाद के कारण कई दिनों से रुका हुआ था, रविवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू किया गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नगर परिषद के एमई जयबीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया और निर्माण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद को रोकने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया। रविवार सुबह सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच तीखी कहासुनी हुई। दोनों पक्ष सड़क को ऊंचा या नीचा करने को लेकर अपनी-अपनी बात पर अड़े रहे। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला और एक पक्ष के लोगों को अलग किया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में सड़क निर्माण कार्य आगे बढ़ाया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट जयबीर सिंह ने कहा कि गली में सड़क निर्माण कार्य जारी है और यदि किसी ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कॉलोनी निवासी राजेश सांगवान ने आरोप लगाया कि कुछ लोग बेवजह सड़क निर्माण कार्य में रुकावट पैदा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सड़क नहीं बनने के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी परेशानी हो रही थी। सांगवान ने यह भी आरोप लगाया कि जो लोग गली का निर्माण रुकवा रहे हैं, उनका इस गली में मकान भी नहीं है। निर्माण कार्य में बार-बार बाधा आने के कारण उन्हें पुलिस की सहायता लेनी पड़ी। मौके पर पहुंचे पुलिस सब इंस्पेक्टर जोगिंदर ने बताया कि मार्केट से शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में गली का निर्माण कार्य शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।