फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी पुलिस का नशा तस्करों पर सख्त प्रहार, शहर छोड़ने या नशे का कारोबार छोड़ने की चेतावनी

नशे के खिलाफ हांसी पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस ने नशा बेचने और सप्लाई करने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे या तो शहर छोड़ दें या नशे का कारोबार छोड़ दें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों को जेल भेजने के साथ-साथ कानून के तहत उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक करीब 24 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर में हर दिन अलग-अलग स्थानों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना शहर हांसी प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हांसी शहर के कई स्थानों पर विशेष सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने नशे के संभावित ठिकानों और संवेदनशील स्थानों पर अचानक दबिश देकर संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की गहनता से जांच की। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे का कारोबार करने वालों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा रहा। अभियान के दौरान पुलिस ने नशे से जुड़े संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई और उन स्थानों की भी जांच की, जहां नशे की गतिविधियों की आशंका रहती है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, आईपीएस के स्पष्ट निर्देश हैं कि हांसी जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। नशे की सप्लाई, बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। अलग-अलग स्थानों पर लगातार सर्च और चेकिंग अभियान चलाकर नशे के नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्कर युवाओं का भविष्य खराब कर रहे हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है। हांसी पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को नशे की बिक्री या सप्लाई से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। हांसी पुलिस का संदेश साफ है। नशे के सौदागरों पर सख्त प्रहार जारी रहेगा और युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए नशे के खिलाफ अभियान लगातार चलता रहेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें