बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर सिख समाज ने टोहाना में 7 दिवसीय धरना शुरू कर दिया है। ये धरना रतिया रोड पर साहिबजादा बाबा फतेह सिंह और बाबा जोरावर सिंह के नाम से बने गेट के सामने लगाया गया है। आयोजकों ने बताया कि यह धरना सर्व भाईचारे द्वारा सांझे तौर पर लगाया गया है। धरने में शामिल सिख नेता कुलविंद्र सिंह ने कहा कि अदालतों के आदेश के बावजूद कई सिख नौजवान अपनी सजा पूरी होने के बावजूद अभी भी जेलों में बंद हैं। मानवता के आधार पर उन्हें रिहा किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार से अपील की है कि उनकी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। इस मौके पर बड़ी संख्या में सिख संगत मौजूद रही। धरना शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। आयोजकों का कहना है कि यदि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।