अनाज मंडी में धान की आवक के साथ ही धान के फूस (भूसा) के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं, जिससे किसानों और मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी के अंदर और सड़क पर जगह-जगह फूस के ढेर पड़े होने से आवाजाही बाधित हो रही है। इस मामले में लोगों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी। मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि दोनों मंडियां फूस से भरी पड़ी हैं। शिकायतों के बाद आज ठेकेदार को कार्यालय में बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई है। सचिव ने बताया कि ठेकेदार फोन भी नहीं उठा रहा था। उसे कहा गया है कि अगर फोन नहीं उठाया तो विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस पर ठेकेदार ने 24 घंटे के अंदर फूस उठाने का आश्वासन दिया है। नियम के अनुसार अगर ठेकेदार समय पर फूस नहीं उठाता तो प्रति दिन 5000 रुपये जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि चेतावनी दे दी गई है, यदि 24 घंटे में सफाई नहीं हुई तो जुर्माना लगाया जाएगा।