अनाज मंडी व्यापार मंडल के चार पदों के लिए रविवार को मतदान प्रक्रिया जारी रही। चुनाव को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दीप होटल में सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो निर्धारित समय तक जारी रहेगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम को मतगणना की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव में उपप्रधान, सचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए व्यापारी अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। कुल 283 व्यापारी मतदान के पात्र हैं। चुनाव अधिकारी गोपाल राय चौधरी ने बताया कि मतदान को लेकर व्यापारियों में अपेक्षा से अधिक उत्साह दिखाई दे रहा है और अब तक काफी संख्या में वोट पोल हो चुके हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से शांतिपूर्वक मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पर जरूर पहुंचे। चुनाव परिणाम को लेकर व्यापारियों में उत्सुकता बनी हुई है।