प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा शहर के एक निजी पैलेस में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने शिरकत की। उन्होंने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। प्रधानमंत्री के सेवा पखवाड़ा के तहत यह आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन रिंकू मान, भाजपा नेता जयदीप बराला, बलविंदर सैनी, मनीष शर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि शिविर में कुल अब तक 38 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस मौके पर पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।