संवाद न्यूज एजेंसी फतेहाबाद। नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल से सफाई को लेकर हालात बिगड़ रहे है। सोमवार को प्रशासन भी सख्त हो गया। टोहाना में रविवार आधी रात को कचरे का उठान किया गया। यहां पर महिलाएं बुल्डोजर के आगे लेट गई, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया। सोमवार शाम को फतेहाबाद में भी प्रशासन सख्त नजर आया। नगर परिषद कार्यालय में पंक्चर खड़ी गाड़ियों को निकालने के पुलिस की मदद लेनी पड़ी। करीब 200 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में डोर टू डोर कचरा उठान गाड़ियों को निकाला गया। यहां पर विरोध कर रही महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया। कार्रवाई से पहले अधिकतर कर्मचारी शहर में मशाल जुलूस निकाल रहे थे। डयूटी मजिस्ट्रेट सतपाल रोज के नेतृत्व में टीम पहुंची। यहां पर मोबाइल पंक्चर गाड़ी की मदद से टिप्परों के टायरों में हवा भरी गई और इसके बाद बाहर निकाला गया। कई गाड़ियां स्टार्ट नहीं हो पाई तो धक्का मारकर बाहर निकाला गया। प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा में वार्डों में गाड़ियों को भेजा। हालांकि इस दौरान तनाव का माहौल रहा।