हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में की पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वारदात से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हत्या से कुछ समय पहले जिम में कसरत के दौरान अंकित के मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी। फोन पर बातचीत के दौरान अंकित की कॉल करने वाले से तीखी बहस भी हुई थी। इसके बाद जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से ही जिम के बाहर मौजूद थे। जैसे ही अंकित जिम से बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो में बैठने लगे, हमलावरों ने गाड़ी का गेट खोलकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी।बताया गया कि ड्राइविंग सीट की तरफ दीवार होने के कारण अंकित उस ओर से बाहर नहीं निकल सके। उन्होंने स्कॉर्पियो के अंदर दूसरी तरफ जाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने गाड़ी का गेट जबरन खोल लिया और उन पर लगातार गोलियां चला दीं। फायरिंग में तीन गोलियां गाड़ी के अगले शीशे में लगीं, जबकि पांच गोलियां अंकित के शरीर में जा लगीं। सिर और पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गाड़ी के पास गिर पड़े। वारदात के बाद चारों बदमाश मौके से भाग गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई।