हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर बुधवार दोपहर परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश आरंभ हो गया। हालांकि परीक्षा सायं कालीन सत्र में शाम तीन से शाम साढ़े पांच बजे तक है। परीक्षा केंद्रों पर महिला परीक्षार्थियों की लंबी कतारें लगी। पहले दिन पीजीटी लेवल तीन की परीक्षा कराई जा रही है। हरियाणा में 399 परीक्षा केंद्रों पर एक लाख 20 हजार 943 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बंदोबस्त रहे। परीक्षा में निगरानी के लिए 220 उड़नदस्तों का भी बोर्ड ने गठन किया है। जबकि शिक्षा बोर्ड मुख्यालय पर कंट्रोल एंड कमांड सेंटर भी बनाया हुआ है। जहां परीक्षा केंद्रोें के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों से सीधी मुख्यालय से ही निगरानी रहेगी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर बॉयोमैट्रिक की प्रक्रिया से गुजरना है। इसीलिए सभी परीक्षा केंद्रों पर दो घंटे दस मिनट पहले ही प्रवेश आरंभ किया गया है। भिवानी शहर के महाराजा नीमपाल राजकीय महाविद्यालय में महिला परीक्षार्थियों की बॉयोमैट्रिक के लिए लंबी लाइनें लगी वहीं हांसी गेट स्थित केएम पब्लिक स्कूल में भी परीक्षार्थियों को मेटल डिटेक्टर की जांच के बाद ही प्रवेश मिला।