इनेलो के विधायक अर्जुन चौटाला ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने दीपेंद्र हुड्डा के बयान का जवाब देते हुए कहा कि जो लोग इनेलो को बीजेपी की बी टीम कहते हैं, असल में बी टीम का मतलब भूपेंद्र सिंह हुड्डा है। अर्जुन चौटाला ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के कई विधायकों को हराने का काम किया। उन्होंने कहा कि हुड्डा ने बृजेंद्र सिंह को हरवाया और अनिल विज को जितवाने का काम किया। अर्जुन चौटाला ने कहा कि ये बातें किसी से छिपी नहीं हैं और अब कांग्रेस नेता ये मुद्दे सिर्फ इसलिए उठा रहे हैं ताकि लोगों के बीच अपनी पकड़ बना सकें। वे रविवार को भिवानी में पहुंचे थे। इस दौरान अर्जुन चौटाला ने कहा कि कांग्रेस का नेता विपक्ष तभी बनेगा जब बीजेपी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा चाहेंगे। किसानों के मुआवजे पर उन्होंने कहा कि सरकार प्रति एकड़ सिर्फ 6000 रुपये दे रही है, यानी महीने के 500 रुपये। जबकि मनरेगा में मजदूर को 450 रुपये रोज़ाना मिलता है। वहीं उन्होंने कहा कि जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में किसानों को 50,000 रुपये मुआवजा दिया गया था, उसी तरह प्रदेश के किसानों को भी प्रति एकड़ 50,000 रुपये मुआवजा मिलना चाहिए। इस दौरान अर्जुन चौटाला ने जेजेपी नेता दिनेश नंबरदार समेत अन्य लोगों को इनेलो में शामिल करवाया।