नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दशमेश नगर, जड़ोत रोड स्थित एक घर में छापेमारी कर एक महिला को 708 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। इसी आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर चिन्हित मकान पर रेड की गई। छापेमारी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में तलाशी ली गई, तो महिला के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। इस कारोबार का मुख्य सूत्रधार महिला का पति अमर सिंह उर्फ अमरा और उसका एक दोस्त बताया जा रहा है। अमर सिंह एक शातिर अपराधी है। उस पर पंजाब और हरियाणा के विभिन्न थानों में नशा तस्करी और चोरी जैसे लगभग 27 मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी अमर सिंह फिलहाल फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।