अंबाला। लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में वीरवार को आयोजित जनता दरबार में ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज सख्त तेवरों में नजर आए। शिविर में आईं 40 से अधिक शिकायतों पर विज ने कड़े रुख अपनाते हुए अधिकारियों को अगले सप्ताह से पहले समाधान के निर्देश दिए। ब्राह्मण माजरा गांव से आए शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बीडीपीओ खुद जमीन पर अवैध कब्जे में सहयोग कर रहे हैं। बीडीपीओ के जवाब से असंतुष्ट होकर विज ने तीखी टिप्पणी की जिसको कब्जा रोकना है, वही कब्जा करा रहा है। हालांकि, एसडीएम कैंट कनिका गोयल के हस्तक्षेप के बाद मामला जांच के लिए उन्हें सौंप दिया गया। एमईएस कर्मचारियों ने शिकायत दी कि ठेकेदार उनके खाते में 21 हजार रुपये डालकर 8 हजार रुपये वापस वसूल लेता है। इसका विरोध करने पर श्रमिकों को परेशान किया जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए विज ने श्रम विभाग को मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए। अंबाला शहर से आई महिला ने रोते हुए बताया कि 1.17 लाख रुपये बकाया दिखाकर अधिकारियों ने 20 दिन पहले उनका कनेक्शन काट दिया, जबकि मकान हाल ही में खरीदा गया था। विज ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए रात तक बिजली बहाल करने और रिकवरी की सही जांच के आदेश दिए। वहीं, शाहबाद में फर्जी बकाया बिल थमाने के मामले में कुरुक्षेत्र एसई को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने भी शिरकत की।