दिल्ली के सरोजनी नगर स्थित सर्वे ऑफ इंडिया डिफेंस ऑफिसर कॉम्पलेक्स के सीनियर सर्वेयर महेश कुमार की हत्या मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अनीस ने महेश के सिर पर पाइप रिंच से वार किए। अनीस ने महेश की हत्या 28 अगस्त को की थी। इसके बाद आरोपी साउथ एक्स मार्केट गया, वहां से बड़ी वाली पांच पॉलिथीन खरीद कर लाया। आरोपी ने महेश के शव को पांच पॉलिथीन में पैक किया। आरोपी ने महेश के शव को इस तरह पैक किया कि खून की एक बूंद भी बाहर नहीं निकली। अगले दिन यानि 29 सितंबर को उसने महेश के शव को मकान नंबर-623, सेक्टर-दो आरके पुरम में स्थित मकान के आंगन में जमीन में गाड़ दिया। इसके बाद 30 अगस्त को फर्श को पक्का करवा दिया।