नोएडा सेक्टर-122 में नवरात्रि से पहले ही त्योहारों की रौनक देखने को मिली। लेडीज क्लब द्वारा आयोजित डांडिया नाइट में महिलाओं ने गरबा और डांडिया से समां बांध दिया।आयोजित कार्यक्रम में सेक्टर की सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे लहंगा-चोली, चूड़ियों की खनक और ढोल की थाप के बीच देर रात तक गरबा चलता रहा। आयोजन के साथ ही सेक्टर में त्योहारों के जश्न का शुभारंभ हो गया।आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शिव कुमार तिवारी ने कहा कि गरबा-डांडिया जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा के प्रतीक हैं। ये न सिर्फ शक्ति और भक्ति का संदेश देते हैं, बल्कि समाज में मेलजोल और सौहार्द भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से सेक्टर का सामाजिक जीवन और समृद्ध हो रहा है। कार्यक्रम में रश्मी, सरोज बाला, शशि गुप्ता, गगनदीप, कविता और अनु सहित लेडीज क्लब की कई पदाधिकारी मौजूद रहीं।