ग्रेटर नोएडा में सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को पकड़ कर गोशाला पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित प्राधिकरण, नगर पालिका परिषद और ग्राम पंचायत की है। अधिकारी इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं, ताकि गोवंश सड़क हादसों का शिकार न हों। यदि कोई किसान अपनी गाय को सड़क पर छोड़ता है तो उसे पकड़ कर गोशाला पहुंचाया जाए। गाय को लेने के लिए किसान के पहुंचने पर उससे जुर्माना वसूला जाए। इससे दूध निकालने के बाद गोवंश को सड़क पर छोड़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी। ये बात उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उनके साथ सदस्य दीपक गोयल मौजूद थे। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर में 18 गोशाला संचालित है। जिनमें 9,764 गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। उन्होंने नोएडा स्थित दो गोशालाओं का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।