ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के धूम मानिकपुर स्थित एक लॉजिस्टिक कंपनी के वेयरहाउस से पुलिस ने 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे के दो पैकेट ओडिशा से दिल्ली भेजने के लिए बुक किए गए थे। पैकेट पर दिल्ली का पता लिखा हुआ था। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है। पुलिस ने गांजे को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप किसने बुक की थी और इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था।