गुरुग्राम। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने कॉलेजों में दाखिले का शेड्यूल फिर से बदल दिया है। पहले 9 जुलाई को जारी होने वाली पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट अब 21 जुलाई को जारी की जाएगी। इससे कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे हजारों विद्यार्थियों को इंतजार करीब दो सप्ताह और बढ़ गया है। वहीं स्नातक कक्षाओं की शुरुआत भी अब अगस्त से होगी। ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 12 जुलाई तक जारी रहेगी, जबकि दस्तावेजों का सत्यापन 13 जुलाई से 18 जुलाई तक किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी और 22 जुलाई को पहली फाइनल मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी। पहली मेरिट सूची के विद्यार्थियों को 23 जुलाई से 27 जुलाई तक फीस जमा करानी होगी। दूसरे चरण की काउंसलिंग के तहत 28 जुलाई को दूसरी प्रोविजनल और 29 जुलाई को दूसरी फाइनल मेरिट सूची जारी होगी। इस सूची के विद्यार्थियों को 30 जुलाई से 3 अगस्त तक फीस जमा कराने का मौका मिलेगा। इसके बाद यदि सीटें खाली रहती है तो 4 से 12 अगस्त तक फिजिकल काउंसलिंग कर दाखिले किए जाएंगें। निदेशालय के अनुसार, बिना ऑनलाइन पंजीकरण के किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए परिवार पहचान पत्र भी अनिवार्य किया गया है। साथ ही संशोधित शेड्यूल के अनुसार अगस्त में नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू होंगी।