गुरुग्राम शहर की प्रमुख छह सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना अब धरातल पर उतरने लगी है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने इन मार्गों पर आधुनिक यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक सूचना प्रणाली स्थापित करने के लिए करीब 7.05 करोड़ रुपये की निविदा जारी की है। योजना के तहत छह मॉडल रोड पर वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (वीएमडी), पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीएएस) और इमरजेंसी कॉल प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। कार्य आवंटित होने के बाद एजेंसी को इसे चार माह में पूरा करना होगा। इन सड़कों पर हरियाली का भी पूरा ध्यान होगा। चयनित मार्गों में एमजी रोड (इफ्को चौक से सिकंदरपुर), हैमिल्टन कोर्ट रोड, व्यापार केंद्र रोड, अतुल कटारिया चौक से सेक्टर-29 सिग्नेचर टावर रोड, सिग्नेचर टावर से मिलेनियम सिटी सेंटर रोड और मेदांता रोड शामिल हैं। प्रमुख स्थानों पर बड़े आकार की वीएमडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन पर यातायात की स्थिति समेत अन्य आवश्यक सार्वजनिक सूचनाएं प्रदर्शित की जा सकेंगी। इन डिस्प्ले को जीएमडीए के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से संचालित करने की व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर इमरजेंसी कॉल प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे। आपात स्थिति में व्यक्ति कॉल प्वाइंट पर लगे बटन के माध्यम से पुलिस से तत्काल संपर्क कर सकेगा।